बधाई हो भई बधाई हो
जीता है इंडिया भई इंडिया तो जीता है
जीता तो भारत भी, भारत भी जीता है
इंडिया जो जीता है, जगमग में जीता है
बल्बों की रोशन कतारों में जीता है
भारत जो जीता अंधेरों में जीता है
आस्मां के रोशन सितारों में जीता है
इंडिया जो जीता है करतल में जीता है
पलकों में जीता है, मखमल में जीता है
भारत तो जीता है तिल-तिल के जीता है
गड्ढों, मैदानों में हिल-हिल के जीता है
तूफां में जीता है लहरों में जीता है
भवरों में जीता, किनारों में जीता है
इंडिया जो जीता है, अरबों वो पायेगा
सोना वो पायेगा, वैभव वो पायेगा
भारत जो जीता है, एक अरब ढोता है
राजा को ढोता, भिखारी को ढोता
कलमाड़ी ढोता, कबाड़ी को ढोता
खेल बिगाड़े वो खिलाडी भी ढोता
पवार को ढोता, बीमार को ढोता
हसन अली ढोता, गली-गली ढोता
बूढों को ढोता, अनाथों को ढोता
भ्रष्ट औ निकम्मों की बरातों को ढोता
इंडिया जो जीता तो शैम्पेन पीता है
पिजा वो खाता है, बर्गर वो खाता है
भारत जो जीता है रंजो-गम पीता है
ठर्रा भी पीता है, ताड़ी भी पीता है
कर्जे से पीता, दिहाड़ी से पीता है
सूखे निवालों संग अश्कों को पीता है
रोज़ जख्म पाता है, धोखा भी खाता है
चुल्लू भर पानी भी सीवर का पीता है
इंडिया जो जीता है सड़क-सड़क जश्न हैं
भारत जो जीता है सभी तरफ प्रश्न हैं
इंडिया संपन्न है सुखी औ प्रसन्न है
भारत तो भूखा है, दुखी और विपन्न है
इंडिया तो जीता है कुछ एक मैदानों में
भारत तो जीता है खेतों-खलिहानों में
इंडिया तो व्यस्त है हुस्न और जवानी में
भारत तो पस्त है चाकरी, किसानी में
इंडिया तो रमता है मालों और बारों में
भारत है बसता गली, नुक्कड़, चौबारों में
इंडिया है मस्त-मस्त झिलमिल फौव्वारों में
भारत है झूमता रिमझिम फुहारों में
चमकता है इंडिया टीवी स्क्रीनों में
धड़कता है भारत खदानों, मशीनों में
रंगीन शामों में इंडिया थिरकता है
स्याह सर्द रातों में भारत ठिठुरता है
इंडिया तो जीता है जीत-हार, टॉस में
भारत तो जीता है जीने की आस में
इंडिया के सुख हैं तो भारत का दुखड़ा है
इंडिया तो भारत के जिगर का टुकड़ा है
विभिन्नता में एकता, मात्र भारत में होता है
भारत महान है, वो इंडिया भी ढोता है
भौतिक है इंडिया तो भारत उसकी आत्मा
भारत के कण-कण में बसता है परमात्मा
हमें एक आस है कि एक दिन आएगा
भारत और इंडिया, इक संग खिलखिलायेगा
जीता है इंडिया भई इंडिया तो जीता है
जीता तो भारत भी, भारत भी जीता है... #संतासुर
![]() |
| जीता तो भारत भी, भारत भी जीता है #संतासुर |

No comments:
Post a Comment